पश्चिम एशिया की धरती पर जंग की आहट अब और तेज हो गई है। इस्राइल और अमेरिका के ईरान पर लगातार हमले और ईरान की जवाबी कार्रवाई पांचवें दिन भी जारी है। बमबारी तेज है और ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि यह अभियान कई हफ्तों तक चल सकता है। ऐसे में हालात बिगड़ते देख अमेरिकी गृह विभाग ने पश्चिम एशिया छोड़ना चाहने वाले अमेरिकियों के लिए तैयारी शुरू कर दी है।
इस्राइल ने लेबनान से आने वाले रॉकेटों को नष्ट किया
इस्राइली सेना ने पिछले एक घंटे में कहा है कि उन्होंने लेबनानी क्षेत्र से दागे गए कई मिसाइलों की पहचान की है और खुले क्षेत्र में गिरे एक मिसाइल को छोड़कर अधिकांश मिसाइलों को रोक दिया गया है।
सऊदी अरब ने अल खर्ज के ऊपर दो मिसाइलों को रोका
सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि उसने अल-खारज प्रांत के ऊपर से गुजर रही दो क्रूज मिसाइलों को रोककर नष्ट कर दिया है।
हम युद्ध रोकने के लिए तैयार हैं: ईरान
ईरान के सुप्रीम लीडर रहे खामेनेई के प्रतिनिधि डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने ANI को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि हम युद्ध रोकने के लिए तैयार हैं। हम बातचीत के लिए तैयार हैं। लेकिन बातचीत सम्मान के साथ होनी चाहिए, ईरान के खिलाफ कुछ हुक्म देने के लिए नहीं। हम अपना बचाव कर रहे हैं। हम अपना हक ढूंढ रहे हैं और कुछ नहीं।
लेबनान के बालबेक में आवासीय इमारत को निशाना बनाया
लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी नेशनल न्यूज एजेंसी (एनएए) के अनुसार, बुधवार तड़के पूर्वी लेबनानी शहर बालबेक में एक इस्राइली हवाई हमले में एक चार मंजिला इमारत को निशाना बनाया गया।
एनएनए ने कहा कि दुश्मन के विमानों ने सुबह बालबेक में एक आवासीय परिसर में चार मंजिला इमारत को निशाना बनाया। दरअसल, यह एक ऐसा क्षेत्र है जहां हिजबुल्ला की मजबूत उपस्थिति है। एजेंसी ने कई लोगों के मरने की सूचना है। घटनास्थल से पीड़ितों के शवों को निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है।







