आंध्र प्रदेश में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई। हादसा अल्लूरी सीताराम राजू जिले में हुआ। जानकारी के मुताबिक चित्तूर जिले से आ रही एक निजी बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई। निजी बस चित्तूर-मारेदुमिल्ली घाट रोड पर खाई में जा गिरी। जिस वक्त ये भयानक हादसा हुआ, उस समय यात्री नींद में थे। हादसे पर आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू ने शोक व्यक्त किया है।
राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने जताया शोक, मुआवजे का एलान
हादसे पर पीएम मोदी ने दुख जताया। प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी बयान में कहा, ‘आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में बस हादसे में हुई मौतों से दुखी हूं। इस मुश्किल समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।’ इसी के साथ उन्होंने PMNRF से हर मृतक के परिवार को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की बात कही है। वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में हुए एक दुखद बस हादसे में लोगों की मौत के बारे में जानकर दुख हुआ। मैं दुखी परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करती हूं।
घायलों को भद्राचलम अस्पताल में कराया भर्ती
वहीं हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बचाव अभियान शुरू किया। जिस बस में हादसा हुआ, वह यात्रियों से खचाखच भरी हुई थी। बताया जा रहा है कि बस भद्राचलम के एक मंदिर में दर्शन करने के बाद अन्नावरम जा रही थी। जिला कलेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि अल्लूरी सीताराम राजू जिले में चित्तूर और भद्राचलम के बीच घाट रोड पर एक बस पलट गई। नौ लोगों के मरने की खबर है। घायलों को इलाज के लिए भद्राचलम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।







