मौसम का अलर्ट- देश के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश से बिगड़े हालात, कहीं घर नदी में समाए तो कही बाढ़ का कहर

देश के कई राज्य इन दिनों मानसून का कहर झेल रहे हैं। इनमें पहाड़ी और मैदानी दोनों राज्य शामिल हैं। मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बीते 24 घंटे से लगातार बारिश हो रही है, जिससे इन जिलों में बाढ़ और भूस्खलन के हालात पैदा हो गए हैं।

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में सोमवार रात से तेज बारिश का दौर जारी है। खासकर जिला कांगड़ा में देर रात हुई भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिले में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

वहीं ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, शिमला और सोलन जिलों के लिए भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को कांगड़ा और सिरमौर में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मंडी जिले में भी भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, शिमला और सोलन में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है।
राजस्थान में भी जमकर बरसेंगे बादल
दक्षिणी पश्चिमी मानसून के सक्रिय रहने के चलते मंगलवार को देश के बड़े हिस्से में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के साथ ही राजस्थान में आज भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनके अलावा 15 से ज्यादा राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें जम्मू कश्मीर, पंजाब, उत्तराखंड, पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, दिल्ली, पश्चिमी राजस्थान, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, नगालैंड, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, तेलंगाना, गोवा, केरलम, कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी शामिल हैं।

और पढ़े  बैंक यूनियनों की आज देशव्यापी हड़ताल:- कई राज्यों में 4 दिन प्रभावित हो सकती हैं सेवाएं, क्या-क्या काम रुकेंगे?

मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश के आसार
देश के मध्य हिस्से में एक कम दाब का क्षेत्र बनने से मध्य प्रदेश और इसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश में इस कम दाब के क्षेत्र के चलते 11-12 अगस्त को भारी बारिश होने के आसार हैं।

भूस्खलन और मलबा खिसकने का खतरा
भारी बारिश के चलते पहाड़ी और संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन तथा मलबा खिसकने का खतरा बढ़ गया है। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है, जबकि नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ने की आशंका है। कुछ स्थानों पर अचानक बाढ़ की स्थिति भी पैदा हो सकती है। बारिश के कारण पहाड़ी सड़कों पर फिसलन बढ़ने और कई जगह दृश्यता कम होने से यातायात प्रभावित होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों को भूस्खलन, मलबा खिसकने और अचानक बाढ़ की आशंका वाले संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी है। लोगों से नदी, नालों और अन्य जल निकायों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा प्रशासन और यातायात विभाग की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

दिल्ली एनसीआर में भी भारी बारिश हो सकती है
उत्तर प्रदेश में सक्रिय मौसम प्रणाली के दिल्ली एनसीआर की तरफ बढ़ने के चलते मंगलवार को यहां भी भारी बारिश के आसार हैं। कुछ हिस्सों में भारी तो कहीं अति भारी बारिश हो सकती है।

उत्तराखंड में भूस्खलन से बिगड़े हालात
वहीं उत्तराखंड में भी पहाड़ से मैदान तक बारिश का दौर जारी है। देहरादून और हरिद्वार में भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है जबकि देहरादून में नदी से सटे दो भवन धराशायी हो गए। पर्वतीय क्षेत्रों में जगह-जगह भूस्खलन से यातायात प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने मंगलवार भी प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार को भारी बारिश के कारण तमक नाले में अचानक उफान आने से मॉड्यूलर पुल बह गया। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 13 अगस्त के दौरान भारी बारिश का अलर्ट जारी है। मौसम विभाग ने लोगों को मौसमी जानकारी होने के बाद ही घर से बाहर निकलने और वापस आने की योजना बनाने की सलाह दी है।

  • Related Posts

    ब्रिक्स समिट LIVE: रूसी राष्ट्रपति पुतिन शिष्टमंडल के साथ दिल्ली पहुंचे, ब्राजील समेत कई देशों के मेहमान भी आए

    रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ब्रिक्स देशों की शिखर बैठक के लिए दिल्ली पहुंच गए हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत अन्य सदस्य देशों के मेहमान भी आज राष्ट्रीय…

    सोनीपत: 2 करोड़ की रंगदारी के बाद कार्यालय पर बरसाई गोलियां, पीछा करते हुए पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़

    नंदू गैंगस्टर के नाम पर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने के बाद खांडा रोड स्थित कार्यालय पर फायरिंग…